नागरिकता कानून में संशोधन के खिलाफ मुख्यमंत्री कमलनाथ करेंगे पैदल मार्च

भोपाल।  नागरिकता कानून के संशोधन विरोध में मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस 25 दिसंबर को भोपाल में पैदल मार्च करेगी। इसमें दूसरे राजनीतिक दलों सहित उन सभी लोगों को शामिल होने की अपील की गई है जो इसके खिलाफ हैं। पीसीसी में पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए बैठक भी आयोजित की गई। इधर, वरिष्ठ मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि इसकी आड़ में उसका देश में अशांति फैलाने का एजेंडा है।
नागरिकता कानून में केंद्र सरकार द्वारा जो संशोधन किया गया है, उसे कांग्रेस ने देश को विभाजित करने वाला बताया है। इसके खिलाफ एआईसीसी ने सभी राज्यों की राजधानी में 25 दिसंबर को प्रदर्शन करने का एलान किया है।
भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कानून के खिलाफ विरोधस्वरूप पैदल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस इसमें कानून का विरोध करने वाले दूसरे राजनीतिक दलों तथा हर आम आदमी को आमंत्रित कर रही है। यह पैदल मार्च रोशनपुरा से शुरू होगा। शांतिपूर्ण पैदल मार्च रोशनपुरा से मालवीय नगर होते हुए मिंटो हॉल में लगी गांधी प्रतिमा तक जाएगा। वहां कानून के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी।